जोधपुर, 24 अगस्त 2026: राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, जोधपुर (NLU Jodhpur) ने अपने 25वें स्थापना दिवस को उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ अनूठे अंदाज़ में मनाया। रजत जयंती वर्ष के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में 25वें स्थापना दिवस का समारोह विश्वविद्यालय की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की नई संभावनाओं को समर्पित रहा।
स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) हरप्रीत कौर के उद्घाटन संबोधन के साथ हुई, जिसमें उन्होंने NLU Jodhpur की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर अपने विचार साझा किए।
इसके पश्चात स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति, गली क्रिकेट, रस्साकशी, एकल गायन, NLU Jodhpur क्विज़, समूह नृत्य प्रस्तुति जैसी गतिविधियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित क्विज़ ने प्रतिभागियों को ज्ञान एवं मनोरंजन का रोचक अनुभव प्रदान किया, वहीं कला द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य ने कार्यक्रम में रंगारंग छटा बिखेरी।
इस अवसर पर NLU Jodhpur की कुलगुरु प्रो. (डॉ.) हरप्रीत कौर ने विश्वविद्यालय में विगत 25 वर्षों से अपनी सेवाएँ दे रहे सदस्यों को सम्मानित किया। इन सदस्यों के दीर्घकालीन योगदान को विश्वविद्यालय की 25 वर्षों की यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रजत जयंती वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा अपनाए गए प्रेरणादायी संदेश “२५ बरसां रो गौरव, सदियां रो संकल्प” को आगे बढ़ाते हुए कुलपति महोदया ने विश्वविद्यालय की आगामी यात्रा और नई शुरुआत के लिए एक नया संदेश दिया— “नव शुभारंभ, संकल्प रो पहलो कदम।”
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. (डॉ.) हरप्रीत कौर ने कहा कि NLU Jodhpur की 25 वर्षों की यात्रा केवल उपलब्धियों की यात्रा नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, नवाचार और नए संकल्पों की यात्रा रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को भविष्य के लिए नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कुलगुरु महोदया ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के भविष्य की महत्वपूर्ण योजनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि NLU Jodhpur को विस्तारित भूमि (Extended Land) का आवंटन प्राप्त हुआ है, जहाँ विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह विस्तारित परिसर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं अन्य गतिविधियों को नई दिशा और व्यापक अवसर प्रदान करेगा।
25वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिया गया “नव शुभारंभ, संकल्प रो पहलो कदम” का संदेश NLU Jodhpur की 25 वर्षों की गौरवशाली विरासत से आगे बढ़ते हुए आने वाले वर्षों में नए सपनों, नई संभावनाओं और नए संकल्पों की ओर बढ़ने का प्रतीक बना।